आनी पंचायत के लामीसेरी गांव में मंगलवार को सुबह दूध लेकर आनी बाजार की तरफ पैदल जा रहे दया राम पर भालू ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दया राम बुरी तरह से जख्मी हो गया है, उसे आनी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आनी पंचायत के तहत आने वाले गांव लामीसेरी का रहने वाला दया राम (54 वर्ष) रोजमर्रा की तरह मंगलवार को दूध लेकर आनी बाजार की तरफ सुबह छह बजे पैदल जा रहा था।
इसी बीच झाड़ियों में छुपे भालू ने अचानक उस पर हमला बोल दिया और उसे गला, मुंह और छाती से नोच डाला। इस हमले में अपने बचाव के लिए दयाराम ने भालू से डटकर मुकाबला किया और सहायता के लिए चीख पुकार की। इसी बीच भालू दया राम के दूध वाले थैले में उलझा और जैसे ही दूध उस पर गिरा, तो वह थैले को लेकर नीचे की तरफ भागा। इसके बाद दयाराम जख्मी हालत में वहीं लेट गया, तभी ग्रामीण वहां पहुंचे और जख्मी दया राम को फौरन आनी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती करवाया। यहां चिकित्सकों के दल ने दया राम को प्राथमिक उपचार देने के बाद रामपुर रेफर किया।