हिमाचल प्रदेश सूचना आयोग में प्रियंका गांधी वाड्रा मामले में आज फैसला सुनाया जाएगा। यह फैसला आयोग की ओपन कोर्ट में प्रियंका के अधिवक्ता के समक्ष होगा। छराबड़ा में प्रियंका गांधी के मकान की जमीन की जानकारी न देने पर आरटीआई कार्यकर्ता देव आशीष भट्टाचार्य ने आयोग की डबल बैंच के समक्ष अपील की है। इस अपील पर लंबी सुनवाई हो चुकी है। इसी पर बहुप्रतीक्षित फैसला सुनाया जाएगा।
यह निर्णय राज्य मुख्य सूचना आयुक्त भीम सेन और राज्य सूचना आयुक्त केडी बातिश के कोर्ट में सुनाया जाएगा। अपीलकर्ता ने जिला प्रशासन से इस जमीन की खरीद से संबंधित जानकारी नहीं मिल पाने के बाद उपायुक्त शिमला के समक्ष प्रथम अपील की थी। फिर प्रथम अपीलीय अथॉरिटी यानी उपायुक्त के निर्णय के खिलाफ उन्होंने राज्य सूचना आयोग में दूसरी अपील की।