केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जीएसटी की वजह से पिछले लगभग साढ़े पांच वर्ष में महंगाई दर को 3.50 फीसदी से नीचे रखने में कामयाबी मिली है। माउंट कार्मल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना के वार्षिक उत्सव की अध्यक्षता करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले महंगाई दर 13 प्रतिशत तक रही लेकिन जीएसटी लागू होने के बाद महंगाई दर नियंत्रण में आई।
उन्होंने कहा कि आज सिर्फ 40 वस्तुओं पर 28 फीसदी की दर से टैक्स लागू है, बाकी सभी वस्तुओं पर टैक्स की दर कम है। टैक्स से प्राप्त होने वाले राजस्व को केंद्र सरकार विकास योजनाओं और जन कल्याण के लिए खर्च करती है। नोटबंदी पर कहा कि केंद्र सरकार के इस कदम से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। नोटबंदी लागू होने के बाद आयकर दाताओं की संख्या बढ़ी और आयकर के माध्यम से प्राप्त होने वाला टैक्स भी बढ़ा। उन्होंने स्कूलों में स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू करने पर बल दिया। कहा कि आठवीं कक्षा से ही स्कूलों में यह कार्यक्रम शुरू होना चाहिए।