उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि बिहार में मिली करारी शिकस्त से जहां भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो गई है, वहीं दुनिया भर में यह संदेश भी साफ तौर पर गया है कि भारत की प्रबुद्ध जनता सांप्रदायिक सोच और तानाशाही प्रवृत्ति वाले दलों को आईना दिखाना भी जानती है।
मंगलवार को जारी बयान में उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार के विधानसभा चुनाव में वहां की जनता ने जिस तरह भाजपा के नेतृत्व के खोखले दंभ, अहंकार और तानाशाही को तोड़ा है, उसका समूचे देश में असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में महा गठबंधन की जीत सच्चाई, एकता और ईमानदारी की जीत है।
उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबी मोदी सरकार ने तानाशाही प्रवृत्ति अपनाकर हिमाचल सहित देश में कांग्रेस सरकारों को अस्थिर करने का अभियान चलाया है। कांग्रेस शासित राज्यों में केंद्र प्रायोजित योजनाओं की फंडिंग रोकने का घिनौना खेल शुरू किया है। इसकी मोदी सरकार को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जनता की ओर से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने की साजिशों में जुटी मोदी सरकार को बिहार में हुई करारी हार से सबक सीखना चाहिए नहीं तो प्रदेश की जनता भी भाजपा को आईना दिखाने से नहीं चूकेगी।