जयराम सरकार के खिलाफ हमीरपुर में जारी हुए गुमनाम पत्र को लेकर उद्योग एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने सफाई दी है। हमीरपुर में बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा ‘हां, भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में सीमेंट के रेट कम करने की बात कही थी।
इसके लिए प्रदेश सरकार प्रयास भी कर रही है। लेकिन घोषणा पत्र में 140 रुपये प्रति बैग सीमेंट की बात भाजपा ने कभी नहीं कही।’ उन्होंने कहा कि अगर उन पर एक रुपये के भ्रष्टाचार का भी आरोप लगता है तो वह सदा के लिए राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
गौरतलब है कि अमर उजाला ने 11 नवंबर के अंक में प्रदेश सरकार के खिलाफ डाक विभाग के माध्यम से जारी हुए गुमनाम पत्र में लगाए आरोपों से संबंधित समाचार को प्रकाशित किया था। इससे मचे हड़कंप पर प्रदेश सरकार ने सीआईडी और विजिलेंस समेत सभी जांच एजेंसियों को गुमनाम पत्र लिखने वाले व्यक्ति का पता लगाने के आदेश दिए हैं।
इसी बीच शनिवार को हमीरपुर पहुंचे उद्योग मंत्री ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि किसी ने खुन्नस निकालने के लिए गुमनाम पत्र जारी करने की शरारत की है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाना कोई गलत बात नहीं। आरोप सभी को लगाने चाहिए।
लेकिन आरोपों में सच्चाई और सार्थकता होनी चाहिए। बिक्रम सिंह ने कहा कि आरोप लगाने वाले को सामने आना चाहिए और अपना पता पत्र में लिखना चाहिए या फिर भ्रष्टाचार के प्रमाण के साथ सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह बहुत निचले धरातल से उठे हैं। इसलिए एक पैसे का भी भ्रष्टाचार इस सरकार में बर्दाश्त नहीं होगा।