संस्थाओं ने सीएम को पत्र भेजकर लगाम लगाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में इंस्पेक्टर राज बढ़ने पर सामाजिक संस्थाओं ने चिंता जताई है। मुख्यमंत्री से इस पर लगाम लगाने की मांग की है। संस्था के पदाधिकारियों का कहना है आए दिन हर कोई उद्यमी फोन करके बताते हैं कि उनकी फैक्टरी में अलग-अलग इंस्पेक्टर आ गए हैं, जिससे यहां का माहौल खराब हो रहा है।
हिमाचल औद्योगिक कल्याण सभा के प्रदेश अध्यक्ष कुलवीर जम्वाल ने बताया कि आए दिन लघु एवं मध्यम उद्योगों को अलग-अलग विभागों के इंस्पेक्टर उनकी कंपनी में खामियों के लिए डराते और धमकाते हैं। यहां तक ही नही उद्योगों को बंद करने की धमकी भी दी जाती हैं। जम्वाल ने कहा की इंस्पेक्शन हमेशा करेक्शन के लिए होनी चाहिए न की कलेक्शन के लिए। जिन उद्योगों में कमियां हैं, विभाग को इनको दूर करने में उद्योगों का सहयोग करना चाहिए, न की उनको बंद करने के प्रयास करने चाहिए।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा की ऐसे अधिकारियों की सूची बना दी है और जल्द ही इसको मुख्यमंत्री व विजिलेंस को सौंपकर ऐसे अधिकारियों को बद्दी औद्योगिक क्षेत्र से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए सरकार से निवेदन किया जाएगा। ऐसे लोगों की वजह से मुख्यमंत्री की स्वच्छ छवि भी खराब हो रही है।