हिमाचल में हो रही पैराग्लाइडिंग नेशनल एक्यूरेसी चैंपियनशिप पर भारत अपना कब्जा करने के करीब पहुंच गया है। तीसरे दिन भारत के कमल सबसे आगे चल रहे हैं।
बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन और प्रदेश पर्यटन विभाग के तत्वावधान में हो रही पैराग्लाइडिंग नेशनल एक्यूरेसी चैंपियनशिप के तीसरे दिन भारत के कमल 1110 अंक लेकर सबसे आगे चल रहे हैं। दो दिन के टास्क में अब तक भारतीय पायलटों का दबदबा बना हुआ है।
सोमवार को प्रतियोगिता का आखिरी दिन है और भारतीय पायलटों के दबदबे को देखते हुए भारत को ही इस खिताब का दावेदार माना जा रहा है। शाम करीब चार बजे प्रतियोगिता का समापन होगा। प्रतियोगिता के एपीआरओ अंकित सूद ने बताया कि पन्ना लाल 1360 अंक लेकर दूसरे और अमित 1605 अंक लेकर तीसरे स्थान पर हैं।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन सुबह 10 बजे प्रतिभागियों के लिए विंडो ओपन हुई। प्रतियोगिता के तीसरे टास्क में रंजीत 20 अंक लेकर पहले, विकास 35 अंक लेकर दूसरे और मंजीत 150 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे। टास्क चार में अजय ठाकुर 35 अंक लेकर पहले, पन्ना लाल 50 अंक लेकर दूसरे और धीरेंद्र ठाकुर 126 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
दूसरे दिन के ओवरआल में शिव चंद 325 अंक लेकर पहले, मंजीत 600 अंक लेकर दूसरे और कानन 730 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे। दूसरे दिन 15 देशों के 102 प्रतिभागियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। खेल में अब तक 1110 अंक लेकर कमल पहले स्थान पर हैं।