देश सेवा का जज्बा और माता-पिता का सहारा बनने की इच्छा लेकर सेना में भर्ती होने के लिए ऊना पहुंचे सैकड़ों युवा रात को फुटपाथ और सड़कों पर ही सो गए। इन युवाओं ने पूरी रात खुले आसमान तले गुजार दी। सुबह होते ही कई युवा केले खाकर मैदान में दौड़ पड़े।
कई घर से खाना लेकर आए थे। सेना में भर्ती के लिए हजारों युवाओं ने मैदान में पसीना बहाया। कई दौड़ में आगे निकल गए और कई पिछड़ गए। हालांकि, युवाओं के ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।
इसलिए इन्हें सड़कों, फुटपाथ और बस अड्डे पर सोना पड़ा। कई युवा ुकानों के बरामदे में जाकर सो गए। बैग में ही एक चादर लेकर आए इन युवाओं ने ऐसे ही रात गुजार दी।
इंदिरा स्टेडियम में शुरू हुई भर्ती के लिए युवाओं का शनिवार देर शाम से ही आना शुरू हो गया था। बिलासपुर जिला के दूरदराज क्षेत्रों से शाम को ही भर्ती स्थल पर पहुंचे सैकड़ों युवाओं ने रात भूखे प्यासे भी गुजारी।