बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन और प्रदेश पर्यटन विभाग के तत्वावधान से बिलिंग घाटी में आयोजित पैराग्लाइडिंग नेशनल एक्यूरेसी चैंपियनशिप में भारत का दबदबा रहा। पुरुषों और महिलाओं की चैंपियनशिप में भारतीय पायलटों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजय हासिल की।
पुरुषों के मुकाबलों में कमल कुमार ने 2210 अंक और कानन ने 3815 अंक लेकर महिलाओं में पहला स्थान हासिल किया। पुरुषों के मुकाबले में मंजीत कुमार 2840 अंक लेकर दूसरे, रंजीत सिंह 3190 अंक लेकर तीसरे, चमेल ठाकुर 3335 अंक लेकर चौथे और पन्ना लाल 3360 अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहे।
महिलाओं में रूपा ने 5075 अंक लेकर दूसरा और अदिति ने 5630 अंक लेकर तीसरा स्थान पाया। प्रतियोगिता के समापन पर शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता के एपीआरओ अंकित सूद ने बताया कि चैंपियनशिप में 15 देशों के 107 पुरुष और नौ महिला पायलटों ने भाग लिया।