धर्मशाला में 26 और 27 फरवरी को होने वाले टी-20 सीरीज के दो मैचों के दौरान दर्शक स्टेडियम में अपने साथ पानी की बोतल भी नहीं ले जा पाएंगे। एचपीसीए प्रबंधन में दर्शकों से मैच में कुछ वस्तुओं को साथ न लाने की एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान बोतल, माचिस, धातु के डिब्बे, संगीत यंत्र, ज्वलनशील पदार्थ, हेड फोन, चार्जर और बिजली के यंत्रों को दर्शक साथ नहीं ले जा सकेंगे।
हानिकारक गैरकानूनी और खतरनाक वस्तुएं, पटाखे, हथियार और हेलमेट को भी स्टेडियम में ले जाने पर रोक रहेगी। एसपी कांगड़ा डॉ. खुशहाल शर्मा ने मैच देखने आने वाले दर्शकों से अपील की है कि वह अपने साथ किसी तरह की वस्तु न लाएं, जिन्हें स्टेडियम में ले जाने पर प्रतिबंधित किया गया है। तप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। हुड़दंग मचाने वालों पर सख्ती होगी।
साढ़े छह बजे तक ही मिलेगी एंट्री
स्टेडियम में भारत-श्रीलंका के मध्य मैच सांय सात बजे आरंभ होगा। इस दौरान दर्शकों के लिए प्रवेश द्वार साढ़े छह बजे तक ही खुले रहेंगे। इसी बीच दर्शकों को स्टेडियम में एंट्री करनी होगी।
कुछ इस तरह होगी पार्किंग की व्यवस्था
सकोह की तरफ से आने वाली छोटी गाड़ियों के लिए पुलिस ग्राउंड धर्मशाला में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बड़े वाहन सवारियों को वार मेमोरियल के पास उतारकर जोरावर स्टेडियम के पास पार्क होंगे। वहीं दोपहिया वाहनों के लिए डीआईजी दफ्तर के साथ लगते मैदान में पार्किंग का स्थान चिन्हित किया गया है।
कोताबाली बाजार की तरफ से आने वाली गाड़ियां
भागसूनाग और कोतवाली बाजार से आने वाली गाड़ियों के लिए हनुमान मंदिर के सामने मिनी सचिवालय की पार्किंग चिन्हित की गई है। इस दौरान दोपहिया वाहन और छोटे वाहन जो पुलिस ग्राउंड और डीआईजी दफ्तर के साथ लगते मैदान में आएंगे। उनके लिए केसीसी बैंक से क्रिकेट स्टेडियम की तरफ जाने वाला रास्ता निर्धारित किया गया है।
पालमपुर की तरफ से आने वाले वाहन
पालमपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों के लिए जोरावर स्टेडियम में पार्किंग का स्थान निर्धारित किया गया है। यहां से आने वाले दर्शकों को शटल बस सेवा से वार मेमोरियल के पास उतारा जाएगा। इसके अलावा एक शटल बस सेवा शीला चौक के पास उपलब्ध रहेगी। पालमपुर से आने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान दाडी ग्राउंड चिन्हित किया गया है।
साई पार्किंग में खड़े होंगे पास वाले वाहन
साई पार्किंग वाले वाहन जिन्हें एचपीसीए की ओर से पास आवंटित किए गए हैं। वे केसीसी बैंक और हनुमान मंदिर वाला रास्ता नहीं अपनाएंगे और निर्धारित मार्ग से ही अपना वाहन ले जाएंगे। वहीं, जिन वाहनों पर वीवीआईपी पास वाला स्टीकर नहीं लगा होगा, उन्हें इस मार्ग से प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इन वाहनों को पुलिस मैदान और मिनी सचिवालय की पार्किंग में ही पार्क करवाया जाएगा।