पेमेंट बैंक में पेंशन अदायगी, सेविंग-करंट अकाउंट और विभिन्न तरह के बिलों का भुगतान करने की सुविधा मिलेगी।
अब हिमाचल के हर जिला मुख्यालय में डाक विभाग के पेमेंट बैंक खोले जाएंगे। मार्च 2017 तक प्रदेश में बैंक की 12 शाखाएं खोली जाएंगी। केंद्र सरकार ने डाक विभाग को बैंक में तबदील करने का फैसला लिया है। नेटवर्किंग से जुड़े सूबे के सभी डाकघरों में पेमेंट बैंक के विशेष काउंटर खुलेंगे।
पेमेंट बैंक में सेविंग-करंट अकाउंट खोले जाएंगे। विभिन्न तरह के बिलों की पेमेंट करने की सुविधा मिलेगी। केंद्र सरकार की डीबीटी के तहत विभिन्न योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की वेतन, पेंशन अदायगी भी डाक विभाग के पेमेंट बैंक से की जाएगी।
शनिवार को डाक विभाग के हिमाचल सर्किल के चीफ पोस्ट मास्टर जनरल मेजर जनरल एके शौरी ने बताया कि आरबीआई की भारतीय डाक को पेमेंट बैंक के तौर पर काम करने के प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद अब केंद्र सरकार ने भी इसे हरी झंडी दे दी है।
अगले साल मार्च में भारतीय पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) के नाम से काम शुरू कर देगा। केंद्र ने पोस्ट बैंक को देश में 650 शाखाएं खोलने की इजाजत दी है।