ऑनलाइन शॉपिंग पर डाकिया अब गांवों में भी आपके घर तक ये प्रोडक्ट पहुंचाएगा। ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते कारोबार को देखकर डाक विभाग ने शहरों के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी ये सुविधा देने की तैयारी कर ली है। चिट्ठी के साथ डाकिया ऑनलाइन खरीदे उत्पादों की डिलीवरी भी करेगा।
यही नहीं, कैश ऑन डिलीवरी पर पैसे का लेन-देन भी वही करेगा। इसे लेकर डाक विभाग ने 11 मई को दिल्ली में 4 ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों फ्लिपकार्ट, एमाजॉन, स्नैपडील और मिंत्रा के साथ एमओयू साइन किया है। इसे देश भर के डाकघरों में लागू किया जा रहा है।
डाकिया ग्राहकों के घर तक पहुंचाएगा सामान
चीफ पोस्ट मास्टर जनरल हिमाचल मेजर जनरल एके शौरी ने बताया है कि डाक विभाग ऑन लाइन शापिंग की सुविधा दे रही कंपनियों के वेयरहाउस से प्रोडक्ट्स डिलीवरी लेगा। दिल्ली में प्रोडक्ट की छंटनी होगी। हिमाचल के पते वाला सामान संबंधित डाकघरों तक पहुंचाया जाएगा। डाकघरों से डाकिया ग्राहकों के घर तक यह सामान पहुंचाएगा। प्रदेश में जहां भी डाकघर हैं, वहां ये सुविधा मिलेगी।
सभी डाकघरों में जमा होंगे बिजली बिल- राजधानी शिमला के बाद अब जल्द ही प्रदेश भर के डाकघरों में भी बिजली बिल जमा हो सकेंगे। चीफ पोस्ट मास्टर जनरल एके शौरी ने प्रेस वार्ता में कहा कि बिजली बोर्ड के साथ बैठक कर पूरे प्रदेश में बिजली बिल जमा करवाने की सुविधा देने की बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्तर पर पोस्ट इन्फो ऐप लांच किया है। इस ऐप को डाउनलोड करके अपने सामान की ट्रैकिंग भी कर सकते हैं।
शिमला, बिलासपुर में अगले माह एटीएम
मुख्य डाकघर शिमला और बिलासपुर में जून माह के पहले सप्ताह एटीएम सेवा शुरू हो जाएगी। जिला स्तरीय डाकघर के अलावा कुल 18 एटीएम खोले जाएंगे।
इस वित्तीय वर्ष में एटीएम सेवा इन हाउस होगी। अगले वर्ष से डाक विभाग के एटीएम बैंकों के एटीएम में भी चलेंगे। आगामी छह महीने में प्रदेश के 46 डाकघर कोर बैंकिंग सर्विस से जुड़ जाएंगे। डाक विभाग के प्रदेश में कुल 49.24 लाख खाते हैं।