फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच: रोहित शर्मा और शुभमन गिल के शतक से भारत को पहली पारी में 255 रन की बढ़त

Fri, 08 Mar 2024 07:36 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, धर्मशाला

सार

दूसरे दिन कप्तान रोहित शर्मा (103) और शुभमन गिल (110) की शतकीय पारियों की बदौलत भारत ने पहली पारी 255 रन की बढ़त बना ली है।
विज्ञापन
रोहित शर्मा और शुभमन गिल - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे सीरीज के अंतिम मुकाबले में मेजबान टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। दूसरे दिन कप्तान रोहित शर्मा (103) और शुभमन गिल (110) की शतकीय पारियों की बदौलत भारत ने पहली पारी 255 रन की बढ़त बना ली है। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 473 बनाए। भारत को पहली पारी में बढ़त दिलाने में डेब्यू करने वाले देवदत्त पडिक्कल ने भी (65) रन का योगदान दिया। इसके अलावा सरफराज खान ने 56 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दिन का पहला विकेट रोहित शर्मा के रूप में गिरा। सीरीज में पहली बार गेंदबाजी कर रहे बेन स्टोक्स ने पहली ही गेंद पर रोहित को 103 रन पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद गिल और पडिक्कल ने शतकीय साझेदारी करते हुए स्कोर को 279 तक पहुंचाया।

विज्ञापन


110 पर खेल रहे गिल को जेम्स एंडरसन ने बोल्ड किया। गिल के आउट होने के बाद भी रन लगातार बनते रहे। गिल और पडिक्कल के बीच 97 रन की साझेदारी हुई। सरफराज खान 56 रन बनाकर शोएब बसीर का शिकार बने। इसके बाद 403 के स्कोर पर पडिक्कल को बसीर ने 65 रन पर पवेलियन भेजा। भारत ने 25 रन के अंतराल में तीन विकेट खोए। 427 पर ध्रुव जुरैल, रविंद्र जडेजा के विकेट गिरे। इसके बाद 428 के स्कोर पर अश्विन बिना खाता खोले टॉम हार्टले का शिकार हुए। दूसरे दिन इंग्लैंड के लिए शोएब बसीर ने तीन, टॉम हार्टले ने 2 विकेट लिए। जेम्स एंडरसन और बेन स्टोक्स ने एक-एक विकेट झटका।
 

महिला विश्व कप के मैच धर्मशाला स्टेडियम में करवाने के प्रयास : अरुण
 टेस्ट सीरिज के अंतिम मैच के दूसरे दिन आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल धर्मशाला स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में ऐतिहासिक मैच हो रहा है। धर्मशाला में पहला इंटरनेशनल मैच भी इंग्लैंड के साथ हुआ था और अब 25वां इंटरनेशनल मैच भी इंग्लैंड के साथ हो रहा है। वुमन वर्ल्ड कप के मैच धर्मशाला को मिलें, इसके लिए एसोसिएशन की ओर से आईसीसी के समक्ष पक्ष रखा जाएगा। आईपीएल का अभी तक दो सप्ताह का शेड्यूल तय हुआ है, लोकसभा चुनाव की तिथियों अनुसार अगला शेड्यूल जारी होगा। धर्मशाला में हर मैच के दौरान कोई न कोई बदलाव किया जाता है।जब किसी स्टेडियम को टेस्ट का स्टेटस मिलता है तो उससे स्पष्ट है कि वर्ल्ड लेवल पर स्टेडियम को प्रस्तुत किया गया है। यह मैच इसलिए भी ऐतिहासिक है कि मैच 7 मार्च को आरंभ हुआ और 7 मार्च पूर्व में ऐसा दिन रहा है, जिसमें सुनील गावस्कर ने टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे किए थे। आर अश्विन और जॉनी बेयरस्टो अपना-अपना 100वां मैच खेल रहे हैं, यह भी संभावना है कि एंडरसन इसी स्टेडियम में अपने 700 विकेट पूरे करेंगे। सबसे ज्यादा इंग्लिश फैंस यहां पहुंचे हैं, जब वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की टीम धर्मशाला आई थी, उस दौरान भी बड़ी संख्या में इंग्लैंड के प्रशंसक यहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि विदेशों से आए प्रशंसक धर्मशाला स्टेडियम की खूबसूरती के मुरीद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जो भी टीम धर्मशाला में आईपीएल खेलती है, उनके खिलाड़ी अपनी फ्रेंचाइजी पर दबाव डालते हैं कि हमें एक मैच धर्मशाला में जरूर खेलना है।

साझा हैं इंग्लैंड और भारत के कई हित : कैरोलिन
 चंडीगढ़ में ब्रिटिश उप उच्चायुक्त कैरोलिन रोवेट ने कहा कि इंग्लैंड और भारत के कई हित साझा हैं। खेल और विशेष रूप से क्रिकेट के प्रति प्रेम दोनों देशों को एकजुट करता है। कैरोलिन धर्मशाला में भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच के आयोजन पर ब्रिटिश उप उच्चायोग की ओर से हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के सहयोग से क्रिकेट स्टेडियम में स्वागत समारोह को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारे दोनों देशों के बीच संबंधों की ताकत को दर्शाते हैं। समारोह में यूके में व्यापार, निवेश, शिक्षा और पर्यटन के अवसरों पर विस्तार से जानकारी साझा करते हुए आपसी सहयोग से आगे बढ़ने पर जोर दिया गया। आतिथ्य, भोजन-पेय और संस्कृति के माध्यम से यूके, इंडिया और हिमाचल प्रदेश के बीच संबंधों को प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस समारोह में सरकार, व्यापार, सिविल सोसायटी और खेल जगत के मेहमानों ने भाग लिया। बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी, इंडियन प्रीमियर लीग के अध्यक्ष अरुण धूमल और एचपीसीए सचिव अवनीश परमार आदि भी मौजूद रहे।
विज्ञापन

महिला क्रिकेटरों के साथ खेला क्रिकेट
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस और चंडीगढ़ की उप उच्चायुक्त कैरोलिन रोवेट हिमाचल प्रदेश क्रिकेट प्रशिक्षण केंद्र में स्थानीय महिला क्रिकेटरों के साथ एक दोस्ताना क्रिकेट मैच में शामिल हुए। इस मौके पर कैरोलिन रोवेट ने कहा कि लड़कियों को जीवन के अन्य क्षेत्रों की तरह खेल में भी रोल मॉडल बनाने की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मैत्रीपूर्ण मैच लड़कियों को खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें