शिमला। 73वें स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी में सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। शहर के कई रास्ते सील कर दिए गए हैं। इन पर आज आवाजाही नहीं होगी। रिज मैदान पर होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पर आने के लिए लोगों का तीन जगहों से प्रवेश होगा। समारोह स्थल जाने के लिए पहली एंट्री रिटज सिनेमा और दूसरी एंट्री लक्कड़ बाजार की तरफ से होगी। पुलिस कंट्रोल रूम की सीढ़ियों से भी लोगों को रिज मैदान पर जा सकेंगे। बाकी के रास्तें बंद होंगे।
पुलिस प्रशासन ने शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए बटालियन के जवानों के अलावा थानों के स्टाफ को सुरक्षा का जिम्मा दिया है। सैकड़ों जवान समारोह स्थल के चप्पे-चप्पे की निगरानी करेंगे। सुरक्षा के लिहाज से शहर में प्रवेश करने वाली सभी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। रिज मैदान पर समारोह स्थल पर भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल ने बताया कि रिज मैदान में होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिसव कार्यक्रम के मद्देनजर रिज पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन की चेकिंग की जा रही है। कहीं पर नरमी नहीं बरती जाएगी। एसपी ने बताया कि जिले भर की पुलिस को संदिग्ध लोगाें पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में जहां भी स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम होंगे, वहां सुरक्षा कड़ी रखी जाएगी। कार्यक्रम की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसपी ने बुधवार को रिज मैदान का निरीक्षण करके तैयारियोें का जायजा लिया।
उच्च न्यायालय में भी होगा ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर प्रदेश उच्च न्यायालय में समारोह होगा। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी. रामसुब्रमण्यन 11 बजे ध्वजारोहण करेंगे।