शिमला जिले के ठियोग विकास खंड के घूंड गांव निवासी प्रशांत शर्मा सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। शनिवार को देहरादून में सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में माता गीता शर्मा और पिता किशोर कुमार शर्मा भी शामिल हुए।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग विकास खंड के घूंड गांव निवासी प्रशांत शर्मा सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। शनिवार को देहरादून में सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में माता गीता शर्मा और पिता किशोर कुमार शर्मा भी शामिल हुए। बेटे की उपलब्धि पर घरवालों में खुशी है। प्रशांत शर्मा परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं जो सेना में सेवाएं दे रही हैं। उनके दादा लायक राम शर्मा, ताया विरेन्द्र शर्मा और पिता किशोर शर्मा सेना में सेवाएं दे चुके हैं।
विज्ञापन
प्रशांत शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा ठियोग के प्रेम पब्लिक स्कूल से हुई और उच्च शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल जालंधर से पूरी की। यहीं से उन्होंने एनडीए परीक्षा पास की और नेशनल डिफेंस अकादमी में प्रवेश पाया। अब कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सेना में लेफ्टिनेंट के पद तक पहुंचे। किशोर शर्मा ने बताया कि प्रशांत शुरू से सेना में अधिकारी बनने का सपना लेकर मेहनत करता रहा, आज उसका सपना साकार हुआ। गीता शर्मा ने बताया कि बेटे के कंधे पर स्टार लगाकर और उसे आर्मी अफसर की ड्रेस में देखकर गर्व महसूस हुआ।