कमेटी का तर्क, ठंड के चलते रोका गया है काम अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी की संजौली मस्जिद में अवैध निर्माण गिराने का काम बंद हो गया है। मस्जिद कमेटी के अनुसार ठंड के चलते काम रोकना पड़ा है। इसकी स्टेट्स रिपोर्ट शनिवार को आयुक्त कोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान भी पेश की जाएगी।
अक्तूबर में हुई सुनवाई के दौरान आयुक्त कोर्ट ने मस्जिद की तीन अवैध मंजिलें गिराने के आदेश दिए थे। यह मंजिलें दो माह यानि 21 दिसंबर तक गिराने के आदेश दिए थे। हालांकि, मस्जिद कमेटी ने पैसा और मजदूर न होने के कारण पहले ही अवैध निर्माण तोड़ने के लिए अतिरिक्त समय मांगने की बात कही थी। लेकिन अब ठंड का हवाला देकर फिलहाल काम रोकने का तर्क दिया जा रहा है। कमेटी ने मौके पर दो मंजिलों की दीवारें गिरा दी हैं। अब शनिवार को आयुक्त कोर्ट में इसकी स्टेट्स रिपोर्ट पेश की जाएगी। मस्जिद कमेटी अवैध निर्माण गिराने के लिए आयुक्त कोर्ट से अतिरिक्त समय भी मांगने जा रही है। कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद लतीफ का कहना है कि आयुक्त कोर्ट के आदेशों के अनुसार मौके पर अवैध निर्माण गिराने का काम शुरू किया था। आजकल ठंड के चलते मजदूर नहीं मिल रहे, जो काम कर रहे थे, वह अपने गांव लौट चुके हैं। ऐसे में अब यह काम मार्च के बाद ही शुरू हो पाएगा। इस बारे में आयुक्त कोर्ट से भी समय मांगा जाएगा।