इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला के सर्जरी विभाग ने पेट के कैंसर से पीड़ित एक 44 साल की महिला मरीज का लेप्रोस्कोपी से सफल ऑपरेशन किया है। आईजीएमसी प्रबंधन का दावा है कि उत्तरी भारत के सरकारी अस्पतालों में यह पहला मामला है। सर्जरी में पेट के 90 फीसदी हिस्से को बाहर निकाल कर इसे कैंसर मुक्त बनाकर फिर से जोड़ना एक जटिल प्रक्रिया थी। दो फरवरी को इस महिला मरीज की साढ़े छह घंटे तक सर्जरी चली। इसके बाद अब मरीज ठीक है, उसे जल्द अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है। सर्जरी यूनिट दो के डॉ. वेद शर्मा की अगुवाई में डाॅ. विपिन शर्मा, डाॅ. शुभम, डॉ. आशीष और एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. मनोज की टीम ने इस जटिल सर्जरी को पूरा किया। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव और सर्जरी विभाग के सर्जन डाॅ. वेद शर्मा तथा उनकी टीम ने पत्रकारों से बात करते हुए इस उपलब्धि के बारे में बताया।