प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में ओपन हार्ट सर्जरी की मरीजों को लंबी डेट मिल रही है। आईजीएमसी में ओपन हार्ट सर्जरी के लिए पूरे प्रदेश से मरीज इलाज के लिए आते हैं। यहां पर सुविधा होने के कारण मरीजों की अक्सर भारी भीड़ लगी रहती है। महीने में करीब 25 ऑपरेशन होते हैं लेकिन अस्पताल में परफ्यूसनिस्ट की कमी के चलते मरीजों को ऑपरेशन की लंबी तारीखें मिल रही हैं। परफ्यूसनिस्ट का काम ऑपरेशन के दौरान मरीज के दिल को बाहर निकालना होता है।
सूत्रों के मुताबिक अगर अस्पताल में तीन अतिरिक्त परफ्यूसनिस्ट तैनात हो जाते हैं यह समस्या खत्म हो जाएगी। एक ही परफ्यूसनिस्ट होने से इसके अवकाश पर जाने से अस्पताल में दिक्कतें पेश आ रही हैं। मरीजों ने अस्पताल में अतिरिक्त परफ्यूसनिस्ट तैनात करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि बीते दिनों कुछ परफ्यूसनिस्ट की कमीशन में सिलेक्शन हो गई थी लेकिन मामला कोर्ट में होने से अटक गया। उम्मीद है कि जब इस मामले पर फैसला आएगा इसके बाद ही इनकी तैनाती की जाएंगी। आईजीएमसी के सीटीवीएस विभाग में ओपन हार्ट से संबंधित सर्जरी शुरू की थी। बताया जा रहा है कि अब तक दो हजार से अधिक सर्जरी यहां पर की जा चुकी है।
अदालत में है मामला : डॉ. पठानिया
निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश पठानिया ने बताया कि परफ्यूसनिस्ट का मामला कोर्ट है। यह मामला जब हल होगा इसके बाद ही इनकी तैनाती आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए की जाएगी।