यूजीसी की ओर से दूरवर्ती शिक्षण संस्थानों के संचालन के लिए बनाए गए डिस्टेंस एजूकेशन ब्यूरो (डेब) ने नए शैक्षणिक सत्र में यूजी और पीजी डिग्री कोर्स में प्रवेश की तिथि को 22 सितंबर तक बढ़ा दिया है। इसके लिए 16 सितंबर से इक्डोल का ऑनलाइन प्रवेश का एडमिशन पोर्टल खोल दिया जाएगा। इक्डोल की ओर से संचालित किए जा रहे एमबीए और बीएड कोर्स की सीटें भरी जा चुकी हैं। इसलिए इन कोर्स में प्रवेश नहीं हो सकेगा, अन्य चलाए जा रहे विभिन्न विषयों के एमए कोर्स, एमए एजूकेशन, पीजीडीसीए, यूजी कोर्स में बीए, बीकॉम आदि डिग्री और डिप्लोमा कोर्स में 22 सितंबर तक ऑनलाइन प्रवेश को आवेदन किया जा सकेगा।
हालांकि इक्डोल ने प्रवेश की प्रक्रिया बंद कर दी थी। इक्डोल के निदेशक कुलवंत पठानिया ने माना कि यूजीसी डेब के निर्देशों पर ऑनलाइन प्रवेश को पोर्टल 16 सितंबर को खोल दिया जाएगा। इसके माध्यम से इच्छुक छात्र ऑनलाइन प्रवेश फार्म भर सकेंगे। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने पहले प्रवेश को ऑनलाइन आवेदन किया था, मगर तय फीस निर्धारित तिथि तक जमा नहीं करवाई थी, वे अपनी फीस भी 22 सितंबर तक जमा करवाकर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।