चंबा शहर के धड़ोग के रहने वाले शैलेश हितैषी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर जिला चंबा का नाम रोशन किया है। शैलेश ने दूसरे प्रयास में आईएएस परीक्षा पास की है। उनका रैंक 758 रहा। अब वे प्रशासनिक सेवाएं देंगे। उनका फाइनल इंटरव्यू दिल्ली में हो चुका है और अंतिम रिजल्ट जारी कर दिया गया है। शैलेश के पिता तिलक राज हितैषी आयुर्वेदिक विभाग से सेवानिवृत्त अधीक्षक हैं।
माता स्नेह लता हितैषी गृहिणी है। शैलेश के भाई मेडिकल कॉलेज चंबा में बतौर चिकित्सक तैनात हैं। इससे पहले शैलेश ने एचएस परीक्षा भी पास की है। वे वर्तमान में किन्नौर जिले में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अपनी शिक्षा भारतीय पब्लिक स्कूल चंबा से हासिल की। शैलेश ने अपनी कामयाबी का श्रेय डॉ. आंबेडकर को दिया है। बकौल शैलेश उनके बताए मार्ग पर चलने से उन्हें यह कामयाबी मिली है।