राजधानी शिमला स्थित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जोनल अस्पताल में कोरोना मरीज के आत्महत्या करने के मामले के बीच प्रदेश सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी धीमान को स्वास्थ्य विभाग से हटा दिया है। सरकार इससे पूर्व डीडीयू के कार्यवाहक चिकित्साधीक्षक को भी हटा चुकी है। माना जा रहा है कि कार्यवाहक चिकित्साधीक्षक के बाद अब एसीएस पर गाज गिरी है।
धीमान की जगह अब सचिव अमिताभ अवस्थी को स्वास्थ्य विभाग की कमान सौंपी गई है। अवस्थी बागवानी निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। आरडी धीमान से ही कार्मिक विभाग लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना को दे दिया गया है।
धीमान अब अतिरिक्त मुख्य सचिव कृषि, भाषा कला एवं संस्कृति और राजस्व का कार्यभार देखेंगे। प्रमुख सचिव कृषि रहे ओंकार चंद शर्मा को प्रमुख सचिव जनजाति विकास के साथ ही उन्हें तकनीकी शिक्षा और चेयरमैन अपीलेट टेक्स धर्मशाला का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। मंडलायुक्त शिमला रहे जीके श्रीवास्तव को मंडलायुक्त मंडी का अतिरिक्त कार्यभार, मंडलायुक्त मंडी विकास लाबरू को सचिव जल शक्ति विभाग और श्रमायुक्त डॉ. एसएस गुलेरिया को मंडलायुक्त कांगड़ा का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।