बीते वीकेंड की तुलना में बुकिंग घटी, आज सैलानियों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद
सैकड़ों सैलानी शुक्रवार शाम को पहुंचे शिमला
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पहाड़ों की रानी शिमला वीकेंड पर फिर से सैलानियों से गुलजार हो गई है। शनिवार और रविवार को हजारों सैलानियों के शिमला पहुंचने की उम्मीद है। इसे लेकर शहर के होटलों में बुकिंग का दौर जारी है।
होटल कारोबारियों के मुताबिक शुक्रवार तक शहर के होटलों में 60 से 70 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी चल रही है। शनिवार को भी बुकिंग का दौर जारी रहेगा। ऐसे में ऑक्यूपेंसी 80 फीसदी तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि बीते वीकेंड के मुकाबले इस बार कम सैलानी शिमला आ रहे हैं। बीते हफ्ते शहर के ज्यादातर होटलों में सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी चल रही थी। इस बार वीकेंड पर दूसरे शनिवार की छुट्टी के चलते सैलानियों को दो दिन शिमला में बिताने का मौका मिल रहा है।
मैदानी इलाकों में तप रही गर्मी और उमस के चलते पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़, यूपी से सैलानियों ने शहर के होटलों में बुकिंग करवा रखी है। शुक्रवार देर शाम भी सैलानियों की सैकड़ों गाड़ियां शिमला पहुंची हैं। रिज मैदान, मालरोड समेत शहर के बाजारों में देर शाम तक सैलानियों की काफी चहल-पहल रही। शहर की सभी छोटी पार्किंग काफी हद तक फुल हो चुकी हैं। टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेकहोल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने बताया कि शहर में 60 से 70 फीसदी तक आक्यूपेंसी चल रही है। जुलाई में भी पर्यटकों की आमद से कारोबार में फायदा हो रहा है। कोरोना के चलते प्रैम संचालकों और घोड़ा चालकों का काम ठप था लेकिन अब देर शाम तक इनकी कमाई हो रही है।
सैलानियों के आने
से कम हुआ घाटा
राजधानी में बीते तीन हफ्तों से लगातार सैलानियों की आमद बढ़ने से कारोबार का घाटा काफी हद तक कम हुआ है। कोरोना कर्फ्यू के चलते मई में पूरी तरह से कारोबार चौपट था। शहर के होटल बंद थे और दुकानें भी नहीं खुली थी लेकिन मई के अंतिम दो हफ्तों और जुलाई के शुरुआती नौ दिन कारोबारियों के लिए फायदेमंद रहे हैं। शहर में कारोबार फिर रफ्तार पकड़ने लगा है। शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि शहर में सैलानियों के आने से कारोबार बढ़ा है। होटल से लेकर बाजार के छोटे बड़े कारोबारियों की बिक्री बढ़ी है। इससे घाटा कम करने में मदद मिलेगी।