बस अड्डों पर राजीव थाली योजना की सफलता के बाद एचआरटीसी हाईवे के किनारे डेढ़ दर्जन ढाबे खोलने जा रहा है। इसमें यात्री ही नहीं, हर कोई सस्ता खाना खा सकता है।
हिमाचल में हाईवे पर अब 25 रुपये में भरपेट खाना मिल सकेगा। बस अड्डों पर राजीव थाली योजना की सफलता के बाद एचआरटीसी हाईवे के किनारे डेढ़ दर्जन ढाबे खोलने जा रहा है। इसमें यात्री ही नहीं, हर कोई सस्ता खाना खा सकता है। परिवहन निगम इसके लिए जल्द टेंडर करने जा रहा है।
इसमें 25 रुपये में थाली देने की शर्त रखी गई है। दूसरे चरण में बाहरी राज्यों में भी राजीव थाली ढाबे खोले जाएंगे। हाईवे के किनारे ढाबों पर यात्रियों से कई जगह मनमानी हो रही है। ढाबों पर थाली के 60 से 100 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
एचआरटीसी ने बस अड्डों पर तो राजीव थाली योजना शुरू की है, लेकिन जाम होने की स्थिति और समय कम होने के चलते यात्री इस योजना का भरपूर लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। लंबे रूट की बसें भी बस अड्डों पर कम ही रुकती हैं।
इसके मद्देनजर एचआरटीसी हाईवे किनारे ऐसे ढाबे शुरू करने जा रहा है जहां सस्ता और अच्छा खाना मिल सके।परिवहन मंत्री जीएस बाली का कहना है कि थाली योजना के सफल रहने के बाद अब राजीव थाली ढाबा खोलने की तैयारी है। जल्द ही इन ढाबों में यात्री सस्ते खाने का लुत्फ उठा सकेंगे।