सैलानियों और स्थानीय लोगों को रेस्क्यू करने के लिए उपलब्ध करवाई जाने वाली एचआरटीसी की स्पेशल बसों के एवज में 20 फीसदी अतिरिक्त किराया वसूल नहीं किया जाएगा।
आपदा की स्थिति में सैलानियों और स्थानीय लोगों को रेस्क्यू करने के लिए उपलब्ध करवाई जाने वाली एचआरटीसी की स्पेशल बसों के एवज में 20 फीसदी अतिरिक्त किराया वसूल नहीं किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इसे लेकर निर्देश जारी किए हैं। सामान्य तौर पर एचआरटीसी स्पेशल बसों की बुकिंग पर 20 फीसदी अतिरिक्त किराया वसूलता है क्योंकि बुकिंग के बाद यह बसें खाली लौटती हैं। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि आपदा की स्थिति में एचआरटीसी की प्राथमिकता कमाई नहीं है बल्कि लोगों को सकुशल सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है। उप मुख्यमंत्री के निर्देशों को तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
विज्ञापन
राजघाट पर फंसी निगम की 40 बसें
एचआरटीसी की 40 साधारण और वोल्वो बसें राजघाट पर फंस गई हैं। चालक परिचालक भी बसों के साथ दिल्ली में ही फंस गए हैं। सड़कों पर जल भराव के चलते इन बसों को निकालना कठिन हो गया है। निगम की 6 वोल्वो भी राजघाट पर फंसी हुई हैं, हालांकि दिल्ली से शिमला, सरकाघाट, हमीरपुर के लिए संचालित होने वाली वोल्वो सिंघु बार्डर पर उपलब्ध हैं।