एचआरटीसी हिमाचल में घाटे के रूटों को बंद करने की तैयारी में है। सर्दियों के चलते प्रदेश के दर्जनों रूट ऐसे हैं, जिनमें सवारियों कम होती हैं। ऐसे में निगम दो महीने तक इन रूटों पर बस न चलाने की योजना बना रहा है।
फरवरी, 2018 के अंत और मार्च में लोगों की आवाजाही के चलते इन रूटों को फिर बहाल किया जाएगा। घाटे वाले इन रूटों को परिवहन निगम अन्य रूटों के साथ कंपाइल करेगा।
एचआरटीसी से मिली जानकारी के मुताबिक घाटे में चलने वाले रूटों की संख्या सैकड़ों में है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरों से सटे इलाकों के कई रूट घाटे में चल रहे हैं।
निगम को इन रूटों से सालाना लाखों रुपये का घाटा होता है। निगम का मानना है कि ट्रांसपोर्ट लोगों के लिए सुविधा मुहैया करता है। इसके चलते घाटा और नफा नहीं देखा जाता है। लोगों की डिमांड के मुताबिक भी शहरों और ग्रामीण रूटों में बसें दौड़ाई जा रही हैं।
सर्दियों के चलते हिमाचल में घाटे के कई रूटों को बंद किया जाता है। अभी परिवहन निगम की ओर से इसमें कोई फैसला नहीं लिया गया है। - पंकज सिघल, डीएम ट्रैफिक एचआरटीसी