करीब डेढ़ साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर जाखू के लिए एचआरटीसी टैक्सी सेवा शुरू होने जा रही है। हर रविवार को रिट्स से जाखू के लिए एचआरटीसी की दो टैक्सियां चलेंगी। स्थानीय लोगों और सैलानियों की सुविधा के लिए शुरूआत में हर रविवार को टैक्सियां चलाई जाएंगी।
पब्लिक रिस्पांस के आधार पर टैक्सियों को रोजाना चलाने पर फैसला लिया जाएगा। इन टैक्सियों में विकलांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आगे की दो सीटें रिजर्व रहेंगी। खास बात यह होगी की टैक्सियों में वरिष्ठ नागरिकों से सामान्य के मुकाबले कम किराया वसूला जाएगा।
सीट खाली होने पर ही अन्य यात्री टैक्सियों में सफर कर सकेंगे। एचआरटीसी के चालक टैक्सियां चलाएंगे और टिकट काटने की जिम्मेवारी भी चालकों की ही होगी। जाखू रूट पर एचआरटीसी इस बार 9 के स्थान पर 12 सीटर टैक्सी चलाएगा। बीते डेढ़ साल से जाखू के लिए एचआरटीसी टैक्सी सेवा बंद थी जिसके कारण शहर के लोगों और सैलानियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ये रहेगा टैक्सी का नया किराया
स्थानीय लोगों और सैलानियों को सुविधा देने के मकसद से हर रविवार को रिट्स-जाखू रूट पर दो टैक्सियां चलाने का निर्णय लिया गया है। टैक्सी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीटें आरक्षित रहेंगी। - देवासेन नेगी, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी
हर 20 मिनट में उपलब्ध होगी टैक्सी
रिट्स से जाखू और जाखू से रिट्स के लिए हर 20 मिनट में टैक्सी सेवा उपलब्ध रहेगी। एक गाड़ी रिट्स से जाखू की ओर और दूसरी जाखू मंदिर से रिट्स की ओर चलाई जाएगी।
यह होगा किराया
दूरी वरिष्ठ नागरिक सामान्य
2 किलोमीटर तक 15 20
2 से 4 किलोमीटर 20 30
सुबह 8 से रात 8 बजे तक चलेंगी टैक्सियां
रिट्स-जाखू रूट पर एचआरटीसी टैक्सियां सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक चलेंगी। सर्दियों में सुबह आठ से रात सात बजे तक टैक्सियों का संचालन किया जाएगा।
टैक्सी में ईटीएम से मिलेंगे टिकट
एचआरटीसी टैक्सियों में यात्रियों से मनमाने किराये की वसूली नहीं हो सकेगी। टैक्सियों में यात्रियों को ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीन) से टिकट दिए जाएंगे।
जीपीएस से लैस होंगी टैक्सियां
रूट पर चलने वाली एचआरटीसी टैक्सियां जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) से लैस होंगी। जीपीएस की मदद से निगम के अधिकारी टैक्सियों पर नजर रख सकेंगे।