प्रदेश पर्यटन विकास निगम की मनाली से लेह बस सेवा को जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। एक जुलाई से शुरू हुई बस सर्विस में फुल बुकिंग चल रही है। इस विशेष बस सेवा में केलांग में रात्रि ठहराव रखा गया है। 2500 रुपये में पर्यटन निगम ने सवारियों के एक तरफ के लिए खाने-पीने और रहने का इंतजाम किया है।
विदेशी सैलानी इस विशेष बस सेवा का अधिक लाभ उठा रहे हैं। करीब 500 किलोमीटर लंबे इस रूट में सैलानी बारालाचा, तंगलंगला तथा खरदुंगला दर्रे सहित यहां की शानदार वादियों और ग्लेशियरों का दीदार कर बर्फीले पहाड़ों का लुत्फ उठा रहे हैं। एचपीटीडीसी के मनाली ऑफिस के मुताबिक जुलाई महीने में 14 बार लेह के लिए बस गई। अधिकांश बार बस की सभी 35 सीटों के लिए बुकिंग हुई।
1900 रुपये बस किराया और 600 रुपये रहने खाने का
जुलाई महीने में आक्यूपेंसी 75 फीसदी रही। 1900 रुपये बस का किराया रखा गया है, जबकि 600 रुपये रहने और खाने-पीने का खर्च है। मनाली से लेह के लिए दो दिन छोड़कर बस सुबह नौ बजे जाती है। टू वाई टू डीलक्स बस इस रूट पर चलाई जा रही है। 31 जुलाई को मनाली से सुबह नौ बजे गई बस शनिवार शाम को लेह पहुंची।
पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा ने बताया है कि सैलानियों की सुविधा के लिए यह विशेष बस सेवा शुरू की गई है। पर्यटन निगम के दफ्तर से चलेगी बस- बस चलने से 30 मिनट पहले एचपीटीडीसी के दफ्तर (जहां से बस चलेगी) में सवारियों को रिपोर्ट करना होगा। मौसम साफ रहने और सड़क मार्ग बहाल होने की स्थिति में ही बस भेजी जाएगी।
बुकिंग के लिए यहां करें संपर्क
बस में बुकिंग करवाने के लिए प्रदेश पर्यटन विकास निगम के मार्केटिंग ऑफिस मनाली और लेह के बुकिंग ऑफिस में संपर्र्क करना होगा। मनाली में फोन नंबर 01902 252116 और 01902 253147 पर संपक किया जा सकता है। इसके अलावा एचपीटीडीसी की वेबसाइट पर भी संपर्क कर सकते हैं।
दस सवारियों की बुकिंग पर चलेगी बस- मनाली से लेह जाने के लिए अगर दस से कम सवारियों की बुकिंग होती है तो पर्यटन निगम बस नहीं भेजेगा। सैलानियों के लिए टैक्सी का बंदोबस्त किया जाएगा। बस और टैक्सी के किराए के अंतर को सवारी से वसूला जाएगा।
अगस्त में 14 दिन लेह जाएगी बस- अगस्त महीने में 2, 5, 6, 7, 9, 12, 14, 16, 19, 21, 23, 26, 28 और 30 अगस्त को सुबह नौ बजे बस मनाली से लेह के लिए रवाना होगी। लेह से वापस मनाली के लिए अगस्त में 6, 8, 10, 13, 15, 17, 20, 22, 24, 27, 29, 31 तारीख को सुबह पांच बजे बस चलेगी। नौ सितंबर तक बस चलेगी।