पेंशनर संयुक्त समिति भड़की, बोले-एमडी के आश्वासन के बाद भी एकसाथ नहीं आई सभी पेंशन
65 साल से अधिक आयु वालों को ही दी है अभी पेंशन
पेंशनर को आयु आधार पर बांटना बर्दाश्त नहीं : ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पेंशनरों को निगम प्रबंध निदेशक (एमडी) के आश्वासन के बाद भी एक साथ पेंशन नहीं मिली। एक साथ पेंशन न आने पर पेंशनर संयुक्त समिति भड़क गई है। पेंशनरों ने कहा कि पेंशनर को आयु के आधार पर बांटना बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसे रोका न गया तो फरवरी माह में पेंशनर दोबारा निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।
एचआरटीसी पेंशनर संयुक्त समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि आठ जनवरी को पेंशनर्स संयुक्त समिति की निगम प्रबंधन के साथ बैठक हुई थी। बैठक में निगम के प्रबंध निदेशक ने पेंशनरों को आश्वासन दिया था कि सभी को एक साथ पेंशन दी आएगी। आश्वासन के बावजूद इस माह भी पेंशनरों को एक साथ पेंशन नहीं मिली है। निगम ने 65 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग वाले के खाते में पेंशन डाल दी है लेकिन इससे कम उम्र वालों को पेंशन अभी तक नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि सभी पेंशनर इसकी निंदा करते हैं। संयुक्त संघर्ष समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर, कल्याण मंच के अध्यक्ष बृजलाल ठाकुर, कल्याण संगठन के प्रधान देवराज ठाकुर, केसी चौहान ने कहा कि सभी पेंशनर्स एक साथ पेंशन चाहते हैं।
पेंशनरों ने सवाल किया कि एमडी के आश्वासन के बाद भी निगम प्रबंधन को ऐसी कौन सी मजबूरी आ पड़ी कि वह एक साथ पेंशन जारी नहीं कर रहा। पेंशनरों ने कहा कि उन्हें लगता है कि इस सबके पीछे निगम के लेखा शाखा के कुछ अधिकारियों की शरारत है आने वाले समय में पेंशनर इन्हें भी बेनकाब करेंगे। पेंशनरों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि निगम के सभी पेंशनरों को इस माह पेंशन जारी की जाए।