एक बस छह माह से है बंद, अब दूसरी नहीं चलने से लोगों को झेलनी पड़ रही परेशानी
विज्ञापन
क्रासर शिमला-जुन्गा-साधुपुल रूट पर सुबह और शाम को चलती है बसें किसानों, मरीजों और विद्यार्थियों को हो रही सबसे ज्यादा दिक्कतें संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। हिमाचल पथ परिवहन निगम के पास टायरों की कमी अब यात्रियों पर भारी पड़ने लगी है। टायरों की कमी के कारण निगम ने कुछ रूटों पर बसें चलाना ही बंद कर दी हैं। इसका ताजा उदाहरण है कि शिमला-जुन्गा-साधुपुल मार्ग पर चलने वाली बस है जिसे भी टायरों की कमी के कारण आजकल बंद कर दिया है।
शिमला से जुन्गा-साधुपुल मार्ग पर संचालित हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की दो बसें बंद हैं। इस कारण हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बस सेवाएं बंद होने से सबसे ज्यादा दिक्कत किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को हो रही है। जुन्गा पंचायत के प्रधान रामलाल, उपप्रधान ईश्वर दत्त, दुर्गा सिंह ठाकुर (खील कजेवड़ा), वार्ड सदस्य योगमाया शर्मा, मनोज कुमार, कमल शर्मा, पंकज सेन सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि शिमला यूनिट-दो की एक बस जो सुबह प्रतिदिन जुन्गा साधुपुल मार्ग पर संचालित होती थी पिछले छह माह से बंद है। वहीं दूसरी बस जो शाम के समय चलती थी वह एक सप्ताह से बंद है। ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवाएं बंद होने से किसानों को सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद समय पर मंडियों तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा मरीजों को उपचार के लिए जुन्गा और शिमला आने-जाने में भी दिक्कत हो रही है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर बसें बंद होने से स्कूली विद्यार्थियों की परेशानी भी बढ़ गई है। कई बच्चों को प्रतिदिन 7 से 10 किलोमीटर तक पैदल चलकर जुन्गा पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने एचआरटीसी प्रबंधन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए दोनों बस सेवाओं को शीघ्र बहाल किया जाए।
टायर नहीं होने से दिक्कत : प्रबंधक
एचआरटीसी यूनिट-2 शिमला के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि शाम के समय जुन्गा-साधुपुल मार्ग पर चलने वाली बस सेवा टायर उपलब्ध न होने के कारण अस्थायी रूप से बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि नए टायर मिलते ही इस सेवा को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। वहीं दिन के समय संचालित बस सेवा लगातार घाटे में चलने के कारण बंद की गई है।