एचआरटीसी के ड्राइवर-कंडक्टरों को निर्धारित समय पर नाइट अलाउंस और ओवर टाइम का भुगतान न होने पर निगम कर्मी भड़क गए हैं। एचआरटीसी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने कर्मचारियों को नाइट अलाउंस और ओवर टाइम का भुगतान करने में की जा रही देरी के खिलाफ रोष स्वरूप नाइट बस सर्विस का बहिष्कार करने का एलान कर दिया है।
लोकल यूनिट की ओल्ड बस स्टैंड में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस बाबत कर्मचारियों ने निगम प्रबंध निदेशक और मंडलीय प्रबंधक को ज्ञापन भी सौंपा। एचआरटीसी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के महासचिव हाकम सिंह ठाकुर ने बताया कि निगम प्रबंधन की ओर से हर महीने की 22 तारीख को नाइट अलाउंस और ओवर टाइम मिलता था लेकिन तीन महीनों से नियमित तौर पर इसे जारी नहीं किया जा रहा।
उन्होंने बताया कि अक्तूबर माह का नाइट अलाउंस और ओवर टाइम 22 नवंबर को देय था लेकिन दिसंबर की नौ तारीख तक जारी नहीं हुआ। एचआरटीसी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने निगम प्रबंधन से तुरंत नाइट ओवर टाइम जारी करने की मांग की है। हाकम सिंह ठाकुर का कहना है निगम प्रबंधन ने 22 दिसंबर तक नाइट ओवरटाइम एकमुश्त जारी करने का आश्वासन दिया है।
यदि 22 दिसंबर तक भुगतान नहीं होगा तो रात्रि सेवाओं का बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष देवीचंद शर्मा, महासचिव हरिलाल ठाकुर, प्रभुराज शर्मा, वासुदेव शर्मा, हरीश कुमार, भुवेंद्र, यशवंत सिंह, देवेंद्र दत्त, देवेंद्र कुमार, रूपसिंह, नरेश चंद, प्रकाश चंद, नरेश कुमार, जसवीर सिंह, पदमदेव, पदम सिंह, रमेश चंद, अरविंद कुमार और अमर सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।