11 मई को एचआरटीसी कर्मचारी गेट मीटिंग कर कार्यालय के प्रांगण में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
एचआरटीसी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति निगम प्रबंधन के खिलाफ भड़क गई है। कर्मचारियों ने मांगों को लेकर निगम प्रबंधन को नोटिस दिया था। इसकी समयावधि समाप्त हो गई है। अब समिति ने निगम प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन करने का फैसला लिया है। 11 मई को एचआरटीसी कर्मचारी गेट मीटिंग कर कार्यालय के प्रांगण में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
समिति की सोमवार को हुई आपात बैठक में कर्मचारियों ने यह फैसला लिया। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष पवन गुलेरिया ने की। कहा कि निगम प्रबंधन को 22 मार्च को मांग प्रस्ताव सौंपा था, लेकिन कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया। कहा कि निगम के चालक और परिचालकों को ओवरटाइम नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों के जीपीएफ फंड से पैसा निकाला गया।
निगम ने पैसे को जीपीएफ में डालने की बात कही थी, लेकिन अभी तक कर्मचारियों के फंड में यह पैसा नहीं आया है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन नहीं दी जा रही है। इन मांगों के प्रति निगम प्रबंधन का रवैया ठीक नहीं है। अभी कर्मचारी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
मांगें न मानने पर हिमाचल में चक्का जाम किया जाएगा। इसकी तिथि भी 11 मई को निर्धारित की जाएगी। बैठक में उपाध्यक्ष यशपाल सुल्तानपुरी, सचिव नील कमल, प्रवक्ता पीआर कायथ और कोषाध्यक्ष बृज लाल शर्मा के अलावा अन्य लोग उपस्थित थे।