इसके बाद सुबह करीब 11 बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारियों की ओर से मांगों को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के संदर्भ में सभी कर्मचारी यूनियन विशेषकर चालक यूनियन-परिचालक यूनियन के साथ एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने वार्ता की। इस वार्तामें चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह व कंडक्टर यूनियन के अध्यक्ष प्रीत मोहिंद्र ने भाग लिया। वार्तासौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। दोपहर बाद 2:00 बजे अन्य संगठनों के पदाधिकारियों, जिनमें इंटक यूनियन के अध्यक्ष उमेश शर्मा, परिवहन मजदूर संघ के अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर, एटक के अध्यक्ष ऋषि लाल, सर्व कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष खेमेंद्र गुप्ता, चालक-परिचालक ऑपरेशन स्टाफ यूनियन के अध्यक्ष सुंदर लाल, तकनीकी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण चंद से अलग-अलग वार्ता की गई।
वार्ता के दौरान कर्मचारियों के लंबित वित्तीय लाभों में कर्मचारी यूनियन एवं पदोन्नति संबंधित लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। इस पर सभी कर्मचारी संगठनों की ओर से उठाई गई मांगों पर उचित कार्यवाही किए जाने का आश्वासन सभी कर्मचारी संगठनों को दिया गया। कर्मचारियों के लंबित वित्तीय देनदारी विशेषकर नाइट ओवर टाइम के संबंध में सरकार से वित्तीय सहायता प्राप्त होने के बाद आज ही पांच करोड़ रुपये जारी कर दिए गए। इससे तीन महीने के लंबित नाइट ओवरटाइम की राशि भुगतान कर दिया गया है। कर्मचारियों के सभी लंबित मामलों पर उचित कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद सभी कर्मचारी संगठनों ने भविष्य में सभी मामले वार्ता के द्वारा ही सुलझाने का आश्वासन दिया है।