उन्होंने कहा कि इस महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने की दिशा में हमने प्रयास शुरू किए हैं। अढ़ाई सौ करोड़ की लागत से बनने वाले शिवधाम प्रोजेक्ट को मैं हर हाल में पूरा करवाऊंगा। इस प्रोजेक्ट के निर्माण में भले ही सरकार बदलने के बाद कई अड़चनें आई हों लेकिन हम इस सरकार को भी इसका निर्माण आगे बढ़ाने के लिए मजबूर कर देंगे। हमारी सरकार सत्ता में आते ही ये शिवधाम भव्य स्वरूप लेगा और 81 मंदिरों वाले मंडी शहर को हम प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल बनाएंगे। छोटी काशी के नाम से प्रख्यात इस शहर के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी गहरा लगाव रहा है। उनकी प्रेरणा से ही हम शिवधाम जैसे बड़े प्रोजेक्ट से मंडी को बड़ा धार्मिक पर्यटन सर्किट बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
इस दौरान उन्होंने भूतनाथ मंदिर में पूजा की और राज्यपाल के साथ यहां विदाई लेने वाले देवताओं के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ विधायक इंद्र सिंह गांधी, पूर्ण चंद, दलीप ठाकुर और दीप कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, जिलाध्यक्ष निहाल चंद, मेयर वीरेंद्र भट्ट और जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा भी उपस्थित रहे।