इस हादसे में किसी भी सवारी को कोई चोट नहीं आई है।
- फोटो : Demo pic
हिमाचल के चंबा-सिल्लाघ्राट मार्ग पर मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एचआरटीसी की चलती बस के अगले दोनों टायर अलग हो गए। गनीमत रही कि चालक बस को नियंत्रित करने में कामयाब रहा। अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को एचआरटीसी की बस चंबा बस स्टैंड से सिल्लाघ्राट की ओर जा रही थी। अचानक सवारियों से भरी बस से जोरदार आवाज सुनाई दी। बस के नीचे अगले टायरों को आपस में जोड़ने वाली ट्यूब के टूट जाने से बस के दोनों टायर अलग हो गए।
इससे बस में सवार लोगों को जोरदार झटका लगा और सवारियों में अफरातफरी मच गई। जैसे तैसे चालक ने बस रोककर एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय में इसकी सूचना दी। सभी लोग बस से नीचे उतरकर अपने अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पथ परिवहन निगम के मेकेनिक और क्रेन मौके पर पहुंच गई। क्रेन से बस को बीच सड़क से हटाकर उसका मेकेनिकों ने जायजा लिया। तो हादसे का कारण दो टायरों को आपस में जोड़ने वाली ट्यूब का टूटना पाया।
इस संबंध में एचआरटीसी चंबा के क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप राणा ने बताया कि यह हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ है। इस हादसे में किसी भी सवारी को कोई चोट नहीं आई है। बस को ठीक करवाकर वापस चंबा ले आया गया है।