मनाली से शिमला आ रही सवारियों से भरी एचआरटीसी बस मंडी के पास खाई में गिर गई है। अब तक 27 लोगों के घायल होने की सूचना है। इन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसा मंडी के पास एनएच 21 पर भवाणा में हुआ। मनाली से शिमला आ रही सरकारी बस अचानक बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। बस में कुल 36 यात्री सवार थे।
इनमें से 27 यात्रियों को चोटें लगी हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसा कैसे हुआ फिलहाल इसके कारणों का पता नहीं लग पाया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे में कुछ घायलों की हालत गंभीर भी बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए हैं।