हरियाणा के मुरथल में HRTC बस के चालक और परिचालक से मारपीट हुई।
- फोटो : एआई।
हरियाणा के मुरथल में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस के चालक और परिचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। हमीरपुर से वृंदावन जा रही निगम की बस को निर्धारित ढाबे की ओर मोड़ने पर स्थानीय लोग भड़क गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्थानीय लोगों ने बस के चालक और परिचालक के साथ मारपीट कर दी।
जानकारी के अनुसार, बस चालक निगम प्रबंधन की ओर से निर्धारित ढाबे पर बस रोकने के लिए वाहन को उस दिशा में ले जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने चालक पर बस को रॉन्ग साइड में ले जाने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
पुलिस चौकी पहुंचने पर भी एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप
घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के साथ चालक और परिचालक स्थानीय पुलिस चौकी पहुंचे। कर्मचारियों का आरोप है कि वहां उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इतना ही नहीं, मारपीट में घायल चालक का मेडिकल परीक्षण भी नहीं करवाया गया। पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आने के बाद एचआरटीसी के चालक-परिचालकों में नाराजगी है। कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।