क्षेत्र के सिमस गांव में शुक्रवार देर रात हिमाचल पथ परिवहन निगम बैजनाथ के परिचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामला हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी का है। जानकारी के अनुसार बैजनाथ डिपो की बस सिमस जाती है। रात्रि ठहराव भी सिमस में होता है। जब चालक और परिचालक सुरेश कुमार अपने कमरे में बैठे थे तो गांव के ही एक युवक विकास ने उनसे बीड़ी मांगी।
चालक-परिचालक ने बीड़ी न होने की बात कही तो विकास भड़क गया। उसने कंडक्टर सुरेश कुमार निवासी बोहल के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार पीड़ित परिचालक ने युवक विकास पुत्र ओम प्रकाश के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है। परिचालक के सिर पर काफी गहरी चोट आ गई है। पुलिस ने पीड़ित परिचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उधर, मामले की पुष्टि लडभड़ोल के हेड कांस्टेबल होशियार सिंह ने की है।