राजधानी शिमला के केल्टी में स्कूली बच्चों और सवारियों को लेकर जा रही परिवहन निगम की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस ऑकलैंड से बरमू जा रही थी। बस में सवार 34 सवारियों में से 26 घायल हो गए हैं। इनमें 14 स्कूली छात्र भी शामिल हैं। तंग सड़क होने और बस का टायर गड्ढे में अटक गया और इसका पट्टा टूट गया।
विज्ञापन
इससे बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब तीस फीट नीचे लुढ़क गई। गनीमत रही कि बस के झाड़ियों में अटक गई। हादसे के बाद यहां चीखो पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच बस के शीशे तोड़े और घायल हुए बच्चों और सवारियों को बाहर निकाला। मदद करने को पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी पहुंचाने की व्यवस्था निजी वाहनों से की और 108 को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने तक अधिकतर घायलों को प्राथमिक उपचार को अस्पताल भेज दिया गया था। अतिरिक्त उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से घायलों को 30 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई। अस्पताल में परिजनों की भीड़ लग गई थी। अस्पताल प्रशासन की ओर मिली जानकारी के मुताबिक सब को प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। इनमें छह लोगों को गंभीर चोटें आई।
बंदरों से बचने के चक्कर में गाड़ी से टकराई महिला, मौत
राजधानी के लौंगवुड में सुबह करीब सात बजे सैर के लिए निकली एक महिला पर बंदरों ने हमला कर दिया। बंदरों से बचने के चक्कर में महिला गाड़ी से टकराने के बाद नाली में जा गिरी। इससे महिला की मौत हो गई।
लक्कड़ बाजार चौकी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महिला का नाम रोशनी देवी उम्र 44 साल बताया जा रहा है। पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक महिला लौंगवुड की रहने वाली थी।
लालपानी बाइपास पर पिकअप हादसे में छह घायल
वीरवार को करीब साढ़े चार बजे हुए एक सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। हादसा लालपानी बाइपास सड़क पर हुआ। इसमें पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। हादसे के घायलों को उपचार को आईजीएमसी लाया गया। यहां इनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।