मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) हमीरपुर में इंटरव्यू से दो दिन पहले नई रेगुलर भर्तियों पर रोक लगा दी है। 3 जुलाई से प्रस्तावित इंटरव्यू पर रोक को लेकर मंत्रालय ने एनआईटी को लिखित में आदेश भी जारी कर दिए हैं।
एनआईटी में निदेशक का पद डेढ़ वर्ष से खाली पड़ा है। एनआईटी दिल्ली के निदेशक अजय शर्मा के पास वर्तमान में एनआईटी हमीरपुर का अतिरिक्त कार्यभार है। मंत्रालय ने इंटरव्यू पर रोक लगाने के पीछे रेगुलर निदेशक का पद खाली होने का तर्क दिया है।
एनआईटी को भेजी गई चिट्ठी में कहा गया है कि शीघ्र ही नए निदेशक की नियुक्ति होने वाली है। इसके बाद खाली पद भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। इंटरव्यू से दो दिन पहले पहुंचे इस आदेश से एनआईटी में खासी हलचल है। एनआईटी में रजिस्ट्रार, डिप्टी और असिस्टेंट रजिस्ट्रार समेत एक दर्जन से अधिक पद खाली हैं।
वहीं निदेशक के पद के लिए भी कई बार नए चेहरों के नाम सामने आते रहे हैं। लेकिन फाइलें मानव संसाधन विकास मंत्रालय में ही बंद होती रहीं। सूत्रों के मुताबिक एनआईटी हमीरपुर में मलाईदार पदों पर चहेतों को बैठाने की भी तैयारी हो रही थी। जिसके चलते यह सारा मामला मानव संसाधन विकास मंत्रालय के ध्यान में आया। मामला उजागर होते ही मंत्रालय ने इंटरव्यू पर रोक लगा दी।
कल से इन पदों के लिए होने थे इंटरव्यू
रजिस्ट्रार के लिए 3 जुलाई, डिप्टी रजिस्ट्रार के लिए 4 जुलाई, जबकि असिस्टेंट रजिस्ट्रार के लिए 5 जुलाई को साक्षात्कार निर्धारित किए गए थे। इसी तरह कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग और कंप्यूटर सेंटर में टेक्निकल असिस्टेंट व टेक्निीशियन के पदों के लिए 6 और 7 जुलाई को, सिविल इंजीनियिरंग और आर्किटेक्चर विभाग में टेक्निकल असिस्टेंट व टेक्निीशियन के पदों को भरने के लिए 8
जुलाई को, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इलेक्ट्रिकल, फिजिक्स, केमिस्ट्री विभाग में टेक्निकल असिस्टेंट व टेक्नीशियन के पदों के लिए 9 जुलाई को, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशंस, केमिकल एंड मेकेनिकल विभाग में टेक्निकल असिस्टेंट और टेक्नीशियन के पदों को भरने के लिए 10 जुलाई को इंटरव्यू रखे गए थे।
एनआईटी हमीरपुर के रजिस्ट्रार डा. सुशील चौहान ने कहा कि 3 जुलाई से लेकर 10 जुलाई तक विभिन्न पदों के लिए इंटरव्यू शेड्यूल जारी किया गया था। लेकिन एनआईटी के चेयरमैन ने लिखित में आदेश जारी कर इंटरव्यू पर रोक लगा दी है। रेगुलर निदेशक की ज्वाइनिंग के बाद ही साक्षात्कार की अगली तारीख तय होगी।