राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय युवा महोत्सव भाग-2 में विद्यार्थियों ने गजलों से खूब समा बांधा। सुबह के सत्र में देशभक्ति आधारित समूहगान प्रस्तुत कर देश भक्ति का संदेश दिया। गीत गजल में करसोग कॉलेज के जितेंद्र कुमार ने शाम ए गम कुछ इस निगाहें गजल प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।
घुमारवीं महाविद्यालय के सौरभ वर्मा ने आज भी तुम्हें मोहब्बत करता हूं और कोटशेरा महाविद्यालय के नवीन तुम आ गए रुला गए गजल प्रस्तुत की। सोलन महाविद्यालय की शिवानी शर्मा ने अजीव ख्वाहिशें हैं सीने में, दबा भी ना सकूं गजल प्रस्तुत कर खूब समा बांधा।
सुबह के सत्र में भारतीय समूहगान प्रतियोगिता हुई। इसमें 22 महाविद्यालयों ने भाग लिया। इसमें राजकीय महाविद्यालय पालमपुर ने आज मेरा मन झूमे ए वतन, कोटशेरा महाविद्यालय ने केरल से कारगिल घाटी, संस्कृत महाविद्यालय सुंदरनगर ने गीत खुशी के गुनगुनाते शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद आरकेएमवी शिमला, ज्वाली, हिमाचल विवि सहित अन्य महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने भी प्रस्तुतियां दीं।
गीत गजल में 34 महाविद्यालयों ने प्रस्तुति दी। वीरवार को युवा महोत्सव के दूसरे दिन हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो कुलदीप चंद अग्निहोत्री मुख्यातिथि थे। उधर, धर्मशाला कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील के मेहता और आयोजन सचिव डॉ सतीश ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार को युवा महोत्सव के पहले सत्र में लोक गीत प्रतियोगिता होगी।
इसमें 39 महाविद्यालय भाग ले रहे हैं, जबकि सायंकालीन सत्र में पाश्चात्य समूहगान प्रतियोगिता होगी। इसमें 13 महाविद्यालय भाग ले रहे हैं। इस दौरान उप प्राचार्य डॉ. एसके सोनी, डॉ. सविता सिंह, प्रो मंजू लता, डॉ. राकेश पठानिया, प्रो. विक्रम वत्स, डॉ. पराशर, प्रो ओपी कपूर और डॉ. ध्यान सिंह आदि मौजूद रहे।