हिमाचल प्रदेश विवि शिमला में एमएससी केमिस्ट्री की छात्रा हमीरपुर निवासी परिमा जसवाल ने टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में पांच लाख रुपये जीते हैं। साढ़े सात लाख के लिए पूछे सवाल का उनका जवाब गलत हो गया। परिमा के मुताबिक केबीसी टीवी शो का प्रसारण बुधवार और गुरुवार को रात नौ बजे होगा। हिमाचल की बेटी राष्ट्रीय चैनल पर अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देती नजर आएंगी। परिमा आजकल शिमला के घोड़ा चौकी में रह रही हैं। परिमा ने मेहनत और लग्न के बूते यह मुकाम हासिल कर शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
परिमा ने बताया कि पांच वर्षों से वह टीवी शो में पूछे सवालों के जवाब देने के साथ तैयारी करती रहीं। यह पहला मौका था कि उनका चयन हॉट सीट के लिए हुआ और सपना साकार हुआ। परिमा ने बताया कि उन्होंने ठाना था कि वह हॉट सीट पर अमिताभ बच्चन के साथ बैठ कर सवालों के जवाब देगी, ताकि उन्हें दुनिया पहचाने। उनके पिता अमरचंद घणाहट्टी स्कूल में प्रवक्ता हैं, वहीं माता कमलेश कुमारी एचपीयू में निजी सचिव के पद पर सेवारत हैं। शो में चयनित होने की प्रक्रिया में परिमा ने एक बाइक, सोने का सिक्का और 24 किलो घी भी जीता।