भाव्या शर्मा,आस्था और रक्षित वशिष्ठ
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने नीट के आधार पर स्टेट कम्बाइंड मेरिट जारी कर दी है। इसमें भाव्या शर्मा (सामान्य वर्ग) ने टॉप किया है। आस्था (सिंगल गर्ल चाइल्ड) ने दूसरा, रक्षित वशिष्ठ (सामान्य वर्ग) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। संयुक्त मेरिट के आधार पर ही विवि से संबद्ध सरकारी छह मेडिकल, एक निजी मेडिकल और एक सरकारी तीन निजी डेंटल कॉलेज की सीट का आवंटन किया जाएगा। इस मेरिट के जारी किए जाने के साथ ही 19 नवंबर को दोपहर चार बजे तक अभ्यर्थियों को अपनी च्वाइस का कॉलेज बदलने और कैटेगरी के अलावा अन्य सुधार करने का मौका दिया जाएगा।
कॉलेज के अलावा अन्य बदलाव किए जाने की सूचना ई मेल के माध्यम से विवि को भेजनी होगी। विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि शेड्यूल के मुताबिक 23 को सीट आवंटन के बाद लिस्ट जारी कर दी जाएगी। 26 तक आवंटित कॉलेज में प्रवेश करने को रिपोर्ट करने का समय रहेगा। स्टेट संयुक्त मेरिट में दूसरे स्थान पर रही आस्था ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता पिता को दिया।
तीसरे रैंक पर रहे कांगड़ा के रक्कड़ चमेटी गांव के रहने वाले रक्षित ने पूरा एक साल तक ड्रॉप कर कोचिंग और कड़ी मेहनत के बाद नीट में शानदार प्रदर्शन कर स्टेट की संयुक्त मेरिट तीसरा स्थान पाया। चौथे स्थान पर रही अरूज रायटा ने पहली बार नीट में 654 अंक हासिल कर मेरिट में जगह बनाई है। नीट में स्टेट टॉपर और आल इंडिया में 400वें रैंक पर रही शिमला की भाव्या शर्मा चिकित्सक पिता डॉ राजेश शर्मा, माता डॉ. विनीता शर्मा ने मिलकर आईजीएमसी से ही एमबीबीएस की पढ़ाई करने का फैसला लिया। माता पिता ने कहा कि बेटी की उपलब्धि पर उन्हें मान है।