वहीं सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी ने विद्यार्थियों के आंदोलन और ज्ञापन को ध्यान में रखते हुए 12 मई से प्रस्तावित स्नातकोत्तर (पीजी) परीक्षाओं को स्थगित कर नया परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। अब विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों की पीजी परीक्षाएं 9 जून से 2 जुलाई होंगी। 29 अप्रैल 2026 को विद्यार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर पीजी परीक्षाएं आगे बढ़ाने की मांग की थी। विद्यार्थियों ने पाठ्यक्रम पूरा न होने, तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलने और विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारियों को लेकर चिंता जताई थी। इसके बाद लगातार हो रहे आंदोलन और ज्ञापनों के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले पर विचार-विमर्श किया।
इसी क्रम में 12 मई को सभी डीन और विभागाध्यक्षों की बैठक हुई। निर्णय लिया कि बीसीए, बीबीए और पीजीडीसीए जैसे सेमेस्टर आधारित स्नातक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी। इन पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद विभिन्न स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना होता है। ऐसे में परीक्षाएं स्थगित करने से उनके भविष्य और प्रवेश प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था। पीजी परीक्षाओं के स्थगन के कारण मूल्यांकन और परिणाम घोषणा में विलंब होना स्वाभाविक है।
निर्धारित परीक्षा प्रक्रिया के अनुसार परीक्षा समाप्त होने के बाद मूल्यांकन, संकलन और परिणाम प्रकाशन में कम से कम एक माह का समय लगता है। ऐसे में पीजी परीक्षाओं के परिणाम 2 अगस्त से पहले घोषित होने की संभावना है। सभी संबद्ध महाविद्यालयों और विभागों को निर्देश दिए हैं कि इस सूचना को विद्यार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। -प्रोफेसर ललित अवस्थी, कुलपति, एसपीयू
प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीएड प्रवेश परीक्षा कि तिथि में बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 23 मई को प्रस्तावित थी लेकिन अब यह 15 जून को होगी। इसके साथ दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब आवेदन की अंतिम तिथि 11 मई से बढ़ाकर 22 मई निर्धारित की है। यह संयुक्त प्रवेश परीक्षा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय तथा सरदार पटेल विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी सरकारी और गैर सरकारी बीएड कॉलेजों की करीब 8000 सीटों के लिए होगी। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और अभ्यर्थी यूपीआई, डेबिट और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 14 परीक्षा केंद्रों में होगी। इनमें शिमला, सोलन, नाहन, धर्मशाला, सुंदरनगर, मंडी, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, रामपुर बुशहर, कांगड़ा, चंबा और नादौन शामिल हैं।