हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र जुलाई 2025-26 का एकेडमिक शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके अनुसार 26 तक अप्रैल 2025 से नए सत्र के लिए प्रवेश परीक्षा आधारित पीजी डिग्री एमए, एमएससी, एमकॉम, एबीबीए, एमटीए, एमसीए, एमटेक जैसे कोर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया होगी। जबकि 16 जून तक मेरिट आधारित प्रवेश वाले और विवि परिसर में चलाए जा रहे शाॅर्ट टर्म कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन किया जा सकेगा। नए सत्र की प्रवेश परीक्षाएं 6 से 21 जून तक होंगी। विवि के अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम ने कुलपति की मंजूरी के मिलने के बाद सोमवार को एकेडमिक शेड्यूल में प्रवेश, कक्षाओं और परीक्षा, परिणाम को लेकर विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। इसे विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्स की प्रवेश परीक्षाओं के बाद 5 जुलाई से पहले इसके परिणाम घोषित कर दस से 19 जुलाई तक काउंसलिंग और प्रवेश की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा, 24 जुलाई तक खाली रही सीटों पर प्रवेश दे दिया जाएगा। ऑड सेमेस्टर की 21 जुलाई से 16 नवंबर तक कक्षाएं होंगी और इसके बाद 17 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच परीक्षाएं होंगी। ईवन सेमेस्टर की कक्षाएं 18 फरवरी 2026 से 13 जून 2026 तक कक्षाएं संचालित की जाएगी, इसके बाद 13 जून से 9 जुलाई के बीच परीक्षाएं होंगी।