ऑल इंडिया प्री-मेडिकल टेस्ट 2015 के घोषित नतीजों के बाद प्रदेश के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने काउंसिलंग के लिए शेड्यूल और मेरिट की लिस्ट जारी कर दी है। मंगलवार को जारी की गई मेरिट में एचपीयू को तय समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने वाले छात्रों को शामिल किया गया है।
विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा शाखा ने एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2015-16 के लिए काउंसलिंग शेड्यूल भी जारी कर दिया है। विवि सभागार में 27 से 29 अगस्त तक काउंसलिंग होगी। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि एआईपीएमटी-2015 की मेरिट के आधार पर जनरल कम्बाइंड ऑल केटेगरी ( राज्य एवं प्रबंधन कोटा) मेरिट जारी की गई है।
उन्होंने कहा कि इस मेरिट लिस्ट के आधार पर ही 27 अगस्त से विवि में काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि एआईपीएमटी मेरिट में आए छात्रों में से 969 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदनों की छंटनी किए जाने के बाद इनमें 805 काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए पात्र पाए गए हैं। इन आवेदनों के आधार पर ही एचपीयू ने यह मेरिट जारी की है।
किस तिथि को किसकी होगी काउंसलिंग
तिथि====================एपीयू मेरिट
27 अगस्त================1 से 150 और पीएच, कश्मीरी माइग्रेंट्स, तिब्तियन रिफ्यूजी
28 अगस्त================151 से 350
29 अगस्त================351 से 805
www.hpuniv.in पर देखें एचपीयू मेरिट- एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स में प्रवेश को तैयार की गई एचपीयू मेरिट सूची को विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है। छात्र यहां से इसकी विस्तृत जानकारी और काउंसलिंग शेडयूल और प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते है।
ये रहे मेरिट में पहले 20 स्थान पर- एचपी एआईपीएमटी रैंकिंग और एचपीयू मेरिट सूची में पहले बीस स्थानों पर रहे छात्रों में सोनाली ठाकुर, मनमीत सिंह खालसा, कार्तिक शर्मा, अभिनव चावला, वरूण सांख्यान, इशांत ठाकुर, महिमा कौशल, शुभम शर्मा, अवनी मित्तल, आकांक्षा, दिव्या गर्ग, पंकज राणा, सिद्धार्थ सहोटा, शुभम जसवाल, विनय मिन्हास, ईशान भारद्वाज, अनिका शर्मा, विरेश शर्मा, नितिन शर्मा और शिवाली शामिल हैं।