हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय सरकार के आदेशानुसार विवि में लिपिकों के 57 पदों को जूनियर ऑफिसर (आईटी) में बदलकर नई भर्ती करेगा। पदों के लिए पात्रता और नियम सरकार के नियमों के अनुसार बदलकर लागू किए जाएंगे। पदों को बदलने का मामला जल्द विवि की वित्त कमेटी में मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने पर विवि में रिक्त गैर शिक्षक श्रेणी के करीब 200 पदों पर जल्द नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें ये 57 जेओए (आईटी) के पद भी हैं।
मंगलवार को विवि की कार्यकारिणी परिषद बैठक में पदों को बदलकर भरने का निर्णय लिया गया है। रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया पुन: शुरू किए जाने की मांग पर फैसला लिया गया। भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने के फैसले से गैर शिक्षक श्रेणी के विभिन्न पदों के लिए 2020 और 2021 में 1200 और 2000 की फीस अदा करने वाले युवाओं को राहत मिलेगी। वे तीन साल से भर्ती परीक्षा आयोजित करने का इंतजार कर रहे हैं। पूर्व में विज्ञापित पदों के लिए विवि नए सिरे आवेदन आमंत्रित करेगा। पूर्व में आए आवेदनकर्ताओं को पुन: आवेदन नहीं करना पड़ेगा।
एचपीयू जल्द शुरू करेगा पद भरने की प्रक्रिया : प्रो. वर्मा
विवि के प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा ने कहा कि सरकार के आदेशानुसार क्लर्क के 57 पदों को जेओए (आईटी) में बदलकर भरने का ईसी में निर्णय ले लिया गया है। पदों के लिए पात्रता शर्तें और सरकार के अनुरूप ही लागू होंगी। जल्द वित्त कमेटी से इसके लिए मंजूरी ली जाएगी। अन्य श्रेणी के सभी पदों को पुन: विज्ञापित कर आवेदन आमंत्रित कर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
एनओसी के बाद ही दे सकेंगे गेस्ट फैकल्टी के रूप में सेवाएं
शिमला। विवि के नियमित शिक्षक अन्य विभागों में गेस्ट फैकल्टी के रूप में सेवाएं नहीं दे पाएंगे। ईसी में निर्णय हुआ कि जिन विभागों में शिक्षकों के रिक्त पद हैं, वहां पर गेस्ट फैकल्टी के रूप में बाहरी पात्रता पूरी करने वाले की सेवाएं ली जाएंगी। यदि गेस्ट फैकल्टी उपलब्ध नहीं होगा, तो ही विवि के शिक्षक विभागाध्यक्ष से एनओसी जारी किए जाने के बाद गेस्ट फैकल्टी के रूप में सेवाएं दे पाएंगे। विभागाध्यक्ष शिक्षक पर पढ़ाने के कार्य के बोझ को देखते हुए ही एनओसी जारी करेंगे। काम कम होने की सूरत में शिक्षक को अन्य विभाग में बिना अतिरिक्त मानदेय के पढ़ाने का कार्य करना होगा।