हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड के तहत नौकरी के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। बोर्ड ने लिखित परीक्षाओं सहित साक्षात्कार की तिथियां तय कर दी हैं। चयन बोर्ड ने बीते माह लाइनमैन, इलेक्ट्रीशियन, अधीक्षक डिवीजनल अकाउंट, कंप्यूटर ऑपरेटर और जूनियर ड्राफ्ट्समैन सिविल समेत कुल 140 पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा ली थी।
इस लिखित परीक्षाओं में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए बोर्ड 22 सितंबर से साक्षात्कार होंगे। इलेक्ट्रीशियन के 16 पदों को भरने के लिए 22 सितंबर को साक्षात्कार लिए जाएंगे। लाइनमैन के 34 पदों को भरने के लिए 23 और 24 सितंबर, अधीक्षक डिवीजनल अकाउंट के 5 पदों को भरने के लिए 24, कंप्यूटर ऑपरेटरों के 32 पदों को भरने के लिए 1 तथा 5 अक्तूबर, जूनियर ड्राफ्ट्समैन सिविल के 53 पदों को भरने के लिए 29 तथा 30 सितंबर और 5 अक्तूबर को बोर्ड कार्यालय में साक्षात्कार होंगे।
36 पदों के लिए लिखित परीक्षा 13 से
चयन बोर्ड इस वर्ष मार्च माह में मांगे गए आवेदनों के लिए 13 सितंबर से छंटनी परीक्षा करवाने जा रहा है। पांच विभागों में विभिन्न श्रेणियों के 36 पद भरे जाएंगे। बोर्ड ने मार्च माह में खाद्य आपूर्ति विभाग में मैनुअल असिस्टेंट के तीन पद, लोकल ऑडिट में जूनियर ऑडिटर के छह पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा की तिथि जारी कर दी है।
इसके अलावा होमगार्ड एंड सिविल डिफेंस में सिविल डिफेंस इंस्ट्रक्टर के चार पद और हवलदार इंस्ट्रक्टर के 11 पद, स्टेट हेंडीक्राफ्ट एंड हैंडलूम में सीनियर असिस्टेंट अकाउंट के दो पद, रुरल डेवलपमेंट विभाग में लेडी विलेज डेवलेपमेंट को-आर्डिनेटर (एलवीडीसी) के दस पद भरने के लिए मांगे गए आवेदन पत्रों की छंटनी के बाद इन पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तिथि भी जारी कर दी है।
बोर्ड सचिव विजय कुमार का कहना है कि विभिन्न श्रेणियों के विभिन्न पदों को भरने के लिए साक्षात्कार की तिथि घोषित कर दी हैं। इस माह की 22 तारीख से साक्षात्कार शुरू होंगे।
यहां देखें परीक्षा का पूरा शेड्यूल
पोस्ट नाम==============परीक्षा तिथि==========परीक्षा केंद्र
मैनुअल असिस्टेंट===========13 सितंबर===========हमीरपुर
जूनियर ऑडिटर============13 सितंबर===========हमीरपुर
सिविल डिफेंस इंस्ट्रक्टर=======15 सितंबर============हमीरपुर
हवलदार इंस्ट्रक्टर===========15 सितंबर===========हमीरपुर
सीनियर असिस्टेंट अकाउंट======16 सितंबर===========हमीरपुर
लेडी विलेज डेवलेपमेंट को-आर्डिनेटर=20 सितंबर===========हमीरपुर और शिमला