एक साथ आने वाले दो से तीन माह के बिजली बिल के बोझ से बचा जा सकता है। अगर आप चाहते हैं कि एकाएक वित्तीय बोझ न पड़े तो इसके लिए आज ही सजग होकर आप खुद मीटर रीडिंग लेकर बिजली बिल तय कर सकते हैं। उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए बिजली बोर्ड ने ट्रस्ट आधारित बिलिंग की शुरूआत की है। इसमें लोग स्वयं अपना बिल तैयार कर सकते हैं। प्रदेश के घरेलू और वाणिज्यक उपभोक्ता जिनका विद्युत भार (लोड) 20 किलोवाट से कम है, वह इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। सुविधा के अनुसार उपभोक्ता अपने मीटर की रीडिंग को देख कर उसे विद्युत बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज कर अपना बिलजी का बिल ले सकते हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा) राम सुभग सिंह ने बताया कि इस तरह विद्युत बिल खुद ही बन जाएगा। उपभोक्ता इस बिल को अन्य माध्यमों और हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट सहित भारत बिल पेमेंट प्रणाली, पेटीएम ऐप, नेट बैंकिंग और नेफ्ट जैसे ऑनलाइन विकल्पों से भी जमा करवा सकते हैं। बोर्ड कोविड-19 के इस कठिन समय में उपभोक्ताओं को सुविधा देने का हर प्रयास कर रहा है। वह उपभोक्ता जिनके बिल इस महीने के दौरान बन चुके हैं, वह इस सुविधा के अंतर्गत इस माह अपना बिल ट्रस्ट आधारित बिलिंग प्रक्रिया से नहीं बना पाएंगे। वे इस सुविधा का उपयोग अगले माह कर सकते हैं।