प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस चारों लोकसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेगी। 25 अक्तूबर को राजीव भवन में शिमला संसदीय क्षेत्र में पार्टी का अधिवेशन होगा।
शक्ति ऐप पर पंजीकरण का कार्य और तेज करने पर भी चर्चा होगी। कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने की कवायद होगी। उम्मीदवार के लिए सुझाए नाम भी हाईकमान को भेजेंगे। केंद्र और राज्य सरकार के कामकाज की समीक्षा होगी। अधिवेशन में चुनावी रणनीति भी बनाई जाएगी।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी हर संसदीय क्षेत्र में एक दिवसीय अधिवेशन बुला रही है। शिमला संसदीय क्षेत्र से इसकी शुरुआत 25 अक्तूबर से होगी। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में होने वाले अधिवेशन में पार्टी पदाधिकारियों और जमीनी स्तर पर जुड़े कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव को लेकर फीडबैक लिया जाएगा।
अधिवेशन में जिला अध्यक्ष, महासचिव, ब्लॉक अध्यक्ष, महासचिव और धरातल से जुड़े कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। संसदीय क्षेत्र के विधायक और वरिष्ठ नेता भी शामिल रहेंगे।
अधिवेशन प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू की अध्यक्षता में होगा। इसमें कार्यकर्ताओं से चुनावी मुद्दे भी पूछे जाएंगे। लोकसभा चुनाव के लिए शिमला संसदीय सीट से संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी राय ली जाएगी। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के सुझावों को राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, राज्य प्रभारी रजनी पाटिल और सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली को भेजा जाएगा।
इन मुद्दों को पार्टी अपने चुनाव अभियान में शामिल करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी अवगत कराएंगे। सुक्खू ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के प्रदेश के अलावा विशेषकर शिमला संसदीय क्षेत्र की जनता से किए वायदों के पूरा न होने को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएंगे।