सुजानपुर के कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) का नाम बदलकर अब धूमल एंड संस कंपनी रख देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल परिवार एचपीसीए से खेल रहा है। पहले उनके बड़े बेटे अनुराग ठाकुर और अब छोटे बेटे अरुण धूमल को इसका अध्यक्ष बना दिया है।
वह उम्मीद करते हैं कि अगला अध्यक्ष भी इनके परिवार से ही होगा। पालमपुर में पत्रकारों से बातचीत में राणा ने कहा कि भाजपा सरकार का दो साल का कार्यकाल विफल रहा है। सरकार की इस विफलता का पता आने वाले धर्मशाला और पच्छाद उपचुनाव में चल जाएगा। दो सालों में प्रदेश में नशा माफिया बढ़ा है। पंजाब में कांग्रेस सरकार ने आते ही नशा माफिया पर शिकंजा कसा तो हिमाचल को ठिकाना बना लिया। प्रदेश में नशे के करीब 1300 पकड़े गए मामले इस बात के गवाह हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ जारी हुआ पत्र बम इस सरकार का पतन का कारण बनेगा। वक्त गवाह है कि किसी भी सरकार के पतन की चिंगारी की शुरुआत कांगड़ा से हुई है। भाजपा सरकार में भू माफिया और खनन माफिया सरकार के संरक्षण में जोरशोर से पल रहा है। केंद्र सरकार की बात करें तो अर्थव्यवस्था बरबाद हो चुकी है। युवाओं को नौकरियों से हाथ धोना पड़ रहा है। इस मौके पर उनके साथ विधायक आशीष बुटेल, पूर्व विधायक जगजीवन पाल, नप अध्यक्ष राधा सूद, ब्लॉक कांग्रेस पालमपुर के अध्यक्ष त्रिलोक चंद आदि मौजूद रहे।